सेवा की कहानी,पीएम किसान सम्मान निधि से ज्ञान दास की खेती को मिला आर्थिक संबल,समय पर खाद-बीज की व्यवस्था से खेती में आया सुधार, परिवार की जरूरतें भी हुईं आसान…

Must Read

कोरबा,किसान के लिए खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि परिवार की उम्मीदों और भविष्य का आधार भी होती है। फसल की बुआई से लेकर उसकी देखभाल तक हर चरण में समय पर आर्थिक संसाधनों की आवश्यकता होती है। ऐसे में शासन की किसान हितैषी योजनाएं किसानों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही हैं। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड निवासी किसान ज्ञान दास, पिता सुनादास के जीवन में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना इसी आर्थिक संबल का माध्यम बनी है।योजना का लाभ मिलने से पहले ज्ञान दास को खेती के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। फसल की बुआई के समय खाद और बीज की व्यवस्था करने के साथ-साथ निंदाई-गुड़ाई जैसे कृषि कार्यों के लिए समय पर पर्याप्त राशि जुटाना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहता था। आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण कई बार खेती के आवश्यक कार्य प्रभावित होते थे।इसी बीच कृषि विभाग के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी मिली। योजना की पात्रता के अनुसार उन्होंने आवेदन किया और योजना का लाभ प्राप्त करना शुरू किया। 10 अगस्त 2020 से 20 जून 2026 तक की अवधि में उन्हें कुल 44 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई।
ज्ञान दास ने प्राप्त राशि का उपयोग मुख्य रूप से खेती की जरूरतों को पूरा करने में किया। समय पर खाद और बीज की व्यवस्था होने तथा निंदाई-गुड़ाई जैसे आवश्यक कृषि कार्य कराने से उन्हें अपनी फसल की बेहतर देखभाल करने में मदद मिली। इसका सकारात्मक असर उनकी खेती की पैदावार और गुणवत्ता पर भी देखने को मिला। योजना से मिली आर्थिक सहायता ने खेती के साथ-साथ परिवार की अन्य आवश्यकताओं, विशेषकर बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के खर्च को पूरा करने में भी उनका सहयोग किया।ज्ञान दास बताते हैं कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना उनके जैसे किसानों के लिए समय पर मिलने वाला महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा है। वे कहते हैं, “प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से प्राप्त राशि से मुझे खेती के लिए समय पर खाद-बीज खरीदने में सहूलियत हुई। इससे मेरी खेती में सुधार आया और बच्चों की शिक्षा का खर्च पूरा करने में भी मदद मिली।”आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से मिलने वाली आर्थिक सहायता ज्ञान दास के लिए खेती को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने का माध्यम बनी है। शासन की किसान हितैषी योजनाओं से मिले सहयोग ने उनके खेती-किसानी के कार्य को मजबूती दी है और परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में भी सहारा प्रदान किया है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से ज्ञान दास जैसे किसानों को खेती के महत्वपूर्ण समय में आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे कृषि कार्यों को समय पर पूरा कर अपनी आजीविका को अधिक मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।


Latest News

सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर में वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर का हुआ आयोजन,बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का...

कोरबा, जिले के नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा लोगों में स्वास्थ्य के प्रति...

More Articles Like This