कोरबा, जिले के जन सुविधा केन्द्र (CSC/जन सुविधा केन्द्र) संचालकों के हितों की सुरक्षा, आपसी समन्वय, कौशल विकास तथा जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से “कोरबा जन सुविधा केन्द्र संचालक वेलफेयर सोसायटी” का विधिवत गठन एवं पंजीयन किया गया है।
सोसायटी का उद्देश्य जन सुविधा केन्द्र संचालकों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपने अनुभवों का आदान-प्रदान कर सकें, प्रशिक्षण एवं तकनीकी जानकारी प्राप्त कर सकें तथा शासन द्वारा संचालित डिजिटल सेवाओं को आम नागरिकों तक अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से पहुँचा सकें।

सोसायटी के अध्यक्ष योगेश देवांगन ने बताया कि संस्था का उद्देश्य जन सुविधा केन्द्र संचालकों के बीच सहयोग और समन्वय की भावना को मजबूत करना है। इसके साथ ही शासन एवं प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित कर जनहित में संचालित सेवाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।हाल ही में सोसायटी द्वारा अपने पंजीयन एवं गठन की सूचना जिला ई डिस्ट्रिक्ट अधिकारी को भी प्रदान की गई, जहाँ संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई।
सोसायटी आने वाले समय में सदस्यता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम, जागरूकता शिविर, डिजिटल साक्षरता अभियान तथा जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना पर कार्य करेगी।
सदस्य बनने का आमंत्रण
कोरबा जिले के सभी पात्र जन सुविधा केन्द्र/CSC संचालकों से आग्रह है कि वे सोसायटी से जुड़कर संगठन को मजबूत बनाने में अपना सहयोग दें। एक मजबूत एवं संगठित मंच के माध्यम से संचालकों के अनुभव, सुझाव और समस्याओं को व्यवस्थित रूप से संबंधित विभागों तक पहुँचाया जा सकेगा तथा जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।





