कोरबा, सावन मास के चौथे सोमवार को कनकेश्वर धाम में भक्ति, आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही हो रही भारी बारिश के बावजूद कनकेश्वरनाथ महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं में भगवान भोलेनाथ के प्रति गहरी आस्था और भक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा कनकेश्वर धाम शिवमय नजर आया।
इस पावन अवसर पर कोरबा कांवरिया संघ द्वारा आयोजित विशाल भंडारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कनकेश्वरनाथ महादेव के दर्शन-पूजन के पश्चात बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भंडारे में महाप्रसाद ग्रहण किया। संघ द्वारा सर्वप्रथम भगवान शिव को विधिवत महाप्रसाद का भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद कन्या पूजन संपन्न हुआ। तत्पश्चात कनकेश्वर धाम पहुंचे श्रद्धालुओं को पूरे सेवा भाव एवं आत्मीयता के साथ महाप्रसाद कराया गया।

कोरबा कांवरिया संघ की सेवा ने जीता श्रद्धालुओं का दिल*
भारी बारिश के बीच भी संघ के सदस्यों का सेवा भाव कम नहीं हुआ। श्रद्धालुओं की सुविधा, भंडारे की व्यवस्था और महाप्रसाद वितरण में सदस्य पूरे उत्साह के साथ जुटे रहे। इस दौरान सेवा, श्रद्धा और समर्पण का ऐसा वातावरण बना कि कनकेश्वर धाम पहुंचे भक्तों के बीच कोरबा कांवरिया संघ की सेवा भावना की जमकर सराहना हुई।इस अवसर पर कोरबा कांवरिया संघ के नागरमल अग्रवाल, ठाकुर दास मनवानी, महेश अग्रवाल, दिनेश पटेल, राकेश नागरमल अग्रवाल, अर्जुन गुप्ता, नरेश अग्रवाल (बी.आर. सेल्स) एवं मनीष मनवानी सहित संघ के अनेक सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सेवा में सहभागिता निभाई।सावन के पावन सोमवार पर कनकेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब और कोरबा कांवरिया संघ द्वारा की गई सेवा ने यह संदेश दिया कि जहां शिवभक्ति होती है, वहां सेवा अपने आप साधना का रूप ले लेती है।















