कोरबा,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हितों के संरक्षण एवं कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को खेती-किसानी के लिए आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। जिले की सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कृषकों में संतोष और उत्साह का वातावरण है।कोरबा जिले के ग्राम रिसदी निवासी कृषक लक्ष्मीनारायण कंवर के पास लगभग 2 एकड़ 96 डिसमिल कृषि भूमि है, जिसमें वे मुख्य रूप से धान की खेती करते हैं। आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों के तहत वे सहकारी समिति जामबहार-सोनपुर पहुंचे, जहां से उन्होंने अपनी आवश्यकता के अनुसार यूरिया, डीएपी एवं बीज प्राप्त किया।श्री कंवर ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का भंडारण किया गया है, जिससे किसानों को आवश्यक कृषि सामग्री प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समिति में सरल प्रक्रिया के माध्यम से आवश्यक सामग्री आसानी से उपलब्ध हो रही है, जिससे खेती की तैयारियां समय पर पूरी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध होना अच्छी फसल की आधारशिला है। राज्य सरकार द्वारा यह व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने से किसानों का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आगामी खरीफ सीजन को लेकर उत्साहित हैं।श्री कंवर ने किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की किसान-केंद्रित नीतियों से कृषकों को सीधा लाभ मिल रहा है।





