कोरबा, रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि उस विश्वास और अपनत्व का उत्सव है, जो जीवन के हर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाने का संबल देता है। इसी भाव को साकार करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के जीवन में आर्थिक संबल और आत्मविश्वास की नई रोशनी ला रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, ताकि वे अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ परिवार में अपनी आर्थिक भागीदारी को भी मजबूत कर सकें।राखी से पहले महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचने से इस बार पर्व की खुशियों में एक और आत्मीय रंग जुड़ गया है। बहनों के लिए यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उस भरोसे का एहसास है कि सरकार उनके साथ एक बड़े भाई की तरह खड़ी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति महिलाएं इसी अपनत्व और विश्वास के साथ अपनी भावनाएं व्यक्त कर रही हैं।
कोरबा शहर के मानिकपुर निवासी गायत्री साहू, पति दादू लाल साहू, महतारी वंदन योजना को अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का माध्यम मानती हैं। श्रीमती साहू आत्मीय भाव से कहती हैं कि विष्णु भैया के द्वारा हर माह समय पर योजना की राशि उनके खाते में पहुंच जाती है। वे कहती हैं कि यह देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगता है कि भैया हम बहनों का ख्याल रखते हैं।
गायत्री साहू बताती हैं कि इस बार त्योहार से पहले ही महतारी वंदन योजना की राशि मिलने से उनकी खुशी और बढ़ गई। समय पर राशि मिलने से उन्हें पर्व की तैयारियों में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और वे अपने परिवार के साथ इस पर्व को खुशी से मना पायेंगी। उनके लिए यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि विष्णु भैया के स्नेह और बहनों के प्रति उनके अपनत्व का एहसास भी है।उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से मिलने वाली राशि को बचाकर उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी। आज इसी सिलाई मशीन के माध्यम से उनका व्यवसाय अच्छी तरह चल रहा है और वे अपने पैरों पर खड़े होकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। श्रीमती साहू कहती हैं,विष्णु भैया ने केवल योजना के माध्यम से मुझे पैसे नहीं दिए, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का मौका दिया है। आज मैं सिलाई का काम कर अपना व्यवसाय चला रही हूं। इसके लिए मैं अपने विष्णु भैया को हृदय से धन्यवाद देती हूं।















