कोरबा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में ‘‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के लिए 18 से 20 जून 2026 तक वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कोरबा अनुविभाग अंतर्गत नगर निगम पंडित जवाहरलाल नेहरू सभाकक्ष में आयोजित शिविर में अनेक हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।इनमें ग्राम चाकामार निवासी कृषक रामकुमार राठिया भी शामिल हैं, जिनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से साकार हुआ है। कभी कच्चे मकान में रहने वाले श्री राठिया का परिवार बरसात के दिनों में अनेक कठिनाइयों का सामना करता था। घर की जर्जर स्थिति के कारण परिवार की सुरक्षा, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित होता था। खेती-किसानी ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। सीमित आय में परिवार का भरण-पोषण करते हुए अपने तीन बच्चों के बेहतर भविष्य की चिंता हमेशा उन्हें रहती थी। ऐसे में उनका सबसे बड़ा सपना था कि परिवार के लिए एक सुरक्षित और पक्का घर बन सके, जहां वे सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मिली सहायता और अपनी बचत के सहयोग से श्री राठिया ने अपना पक्का मकान तैयार किया। आज उनका परिवार नए घर में सुरक्षित और सुखद जीवन व्यतीत कर रहा है। वृहद पंजीकरण शिविर में श्री राठिया को उनके नए आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान कर शुभकामनाएं दी गईं।
श्री राठिया ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलता तो उनका घर बनाने का सपना शायद कभी पूरा नहीं हो पाता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजना ने उनके परिवार के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा, ‘‘आज मेरा परिवार अपने पक्के घर में सुरक्षित और सम्मान के साथ रह रहा है। यह मेरे जीवन के सबसे बड़े सपनों में से एक था, जो सरकार की मदद से पूरा हुआ है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हृदय से धन्यवाद करता हूं।‘‘





