कोरबा, राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर एनटीपीसी कोरबा के नवजीवन अस्पताल में बुधवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनटीपीसी कोरबा के मुख्य महाप्रबंधक किशोरचंद्र पात्र रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं उपस्थित चिकित्सकों ने डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में केक काटकर सभी डॉक्टरों को शुभकामनाएं दीं। मुख्य महाप्रबंधक किशोरचंद्र पात्र ने कहा कि चिकित्सक अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नवजीवन अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की।



इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी कोरबा विद्युत उत्पादन के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्वों का भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन कर रहा है और जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में नवजीवन अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतिभा दास सहित अस्पताल के सभी चिकित्सकों ने अपने उद्बोधन में चिकित्सा सेवा के महत्व, मरीजों के प्रति संवेदनशीलता तथा सेवा भाव से कार्य करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर एनटीपीसी कोरबा के महाप्रबंधक (ओ एंड एम) शत्रुघ्न बेहरा, नवजीवन अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा एनटीपीसी कोरबा के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों का सम्मान भी किया गया। अंत में सभी ने केक काटकर डॉक्टर्स डे की खुशियां साझा कीं तथा चिकित्सकों के उत्कृष्ट योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।






