कोरबा,परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा के तत्वावधान में पहली बार ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के 12 जिलों के ब्राह्मण परिवारों के साथ भोपाल से भी एक परिवार शामिल हुआ। आयोजन में करीब 500 लोगों की सहभागिता रही। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज के युवक-युवतियों को वैवाहिक परिचय के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना तथा परिवारों के बीच आपसी संवाद और संबंधों को मजबूत करना था।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सारंगढ़ के अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय तथा विशिष्ट अतिथियों देवेंद्र कुमार पांडेय, बी.के. शुक्ला, हरीश परसाई, मनोज शर्मा, राजेंद्र पांडेय एवं वेद भूषण द्विवेदी ने भगवान परशुराम के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।मुख्य अतिथि प्रमोद दुबे ने कहा कि इस तरह का परिचय सम्मेलन समाज के लिए सराहनीय पहल है। इससे बड़ी संख्या में ब्राह्मण परिवारों को लाभ मिलेगा। समाज की प्रगति और एकजुटता के लिए सभी को सामाजिक कार्यों में तन-मन-धन से सहयोग करना चाहिए।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय कुमार पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा एकजुट होकर सामाजिक कार्यों में सहभागिता करता रहा है। परिचय सम्मेलन पूरे समाज के लिए एक बेहतर पहल है। ऐसे आयोजनों को सफल बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि देवेंद्र कुमार पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास बैंक ने कहा कि परिचय सम्मेलन युवक-युवतियों को एक-दूसरे को समझने, परिवारों के बीच संवाद स्थापित करने और योग्य जीवनसाथी के चयन के लिए सार्थक मंच प्रदान करता है।
वहीं, परशुराम ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष बी.के. शुक्ला ने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकजुटता और आपसी सद्भाव को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।सम्मेलन में युवक-युवतियों ने अपना वैवाहिक परिचय दिया। आयोजन में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा ने सम्मेलन में शामिल सभी परिवारों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

















