कोरबा, जिले में नोवा नेचर एवं वन विभाग की लगातार जागरूकता मुहिम का सकारात्मक परिणाम अब दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है,सतरंगा रोड से लगे ग्राम जाम बहार में रात्रि के 10.30 बजे एक ग्रामीण के घर लगभग 6 फीट लंबा अहिराज सांप ईंट में घुस कर बैठ गया था पहले जहां ऐसे मामलों में लोग भयवश सर्प को मार देते थे, वहीं इस बार ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया और तत्काल वन विभाग की रेस्क्यु टीम एवं नोवा नेचर के जितेंद्र सारथी की रेस्क्यू टीम को सूचना दी।सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपने टीम के साथ मौके स्थल के लिए रवाना हो गए फिर गांव पहुंच कर पूरी सावधानी के साथ अहिराज का सफल रेस्क्यू कर थैले में डाला फिर सुरक्षित उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया,इस दौरान ग्रामीणों को सर्पों के महत्व, उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल जाने की सलाह भी दी गई।

जितेंद्र सारथी ने बताया कि उनकी टीम पूरे कोरबा जिले में दिन-रात, यहां तक कि आधी रात को भी लोगों की सूचना पर पहुंचकर वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का कार्य कर रही है, उन्होंने कहा कि जिलेवासियों का सहयोग लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण अधिक से अधिक वन्यजीवों का जीवन बचाया जा रहा है।उन्होंने विशेष रूप से जिले के प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्प संरक्षण से जुड़े समाचारों और जनजागरूकता अभियानों के निरंतर प्रकाशन एवं प्रसारण से लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है, आज ग्रामीण सर्पों को मारने के बजाय उनकी सुरक्षित रेस्क्यू के लिए सूचना दे रहे हैं, जो संरक्षण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।
रेस्क्यु हेल्प लाइन नंबर
8817534455,7999622151





