Thursday, February 12, 2026

फ्लाई एश और यातायात व्यवस्था पर समन्वय बैठक- स्थायी समाधान की दिशा में कलेक्टर कार्यालय में हुई विस्तृत चर्चा……

Must Read

कोरबा, माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर में विचाराधीन प्रकरण एवं पारित आदेश 29 अक्टूबर 2025 के अनुपालन में आज कलेक्टर कार्यालय के नवीन सभाकक्ष में फ्लाई एश, कोयले के परिवहन, निपटान, यातायात अवरोध तथा सड़क रखरखाव से संबंधित समस्याओं के स्थायी एवं क्रियान्वयन योग्य समाधान हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पांडेय एवं अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, पुलिस विभाग, पर्यावरण संरक्षण मंडल, परिवहन विभाग सहित एसईसीएल, बालको, अडानी एवं एनटीपीसी जैसे औद्योगिक उपक्रमों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

प्रभारी कलेक्टर एवं निगमायुक्त श्री पांडेय ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं उपक्रम प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए फ्लाई एश परिवहन, सड़क मरम्मत, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात सुगमता सुनिश्चित करने के लिए समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संस्था अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन तत्परता से करे, जिससे क्षेत्रवासियों को सुगम यातायात की सुविधा मिल सके और पर्यावरण प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो।लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि गौ माता चौक एवं रिसदी चौक के आसपास सड़क मरम्मत का कार्य प्रगति पर है। बालको प्रबंधन द्वारा बताया गया कि बजरंग चौक से परसाभाठा चौक तक सड़क रिपेयरिंग कार्य जारी है तथा दर्री ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक टू-लेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ है।
अडानी प्रबंधन ने बताया कि मुख्य द्वार से भीतर की ओर पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है, जिससे धूल नियंत्रण और यातायात सुचारू बनाया जा सके। एसईसीएल को राख परिवहन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस विभाग ने यातायात नियंत्रण हेतु आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए, वहीं एनटीपीसी को भी यातायात सुधार एवं पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि सभी विभागों एवं उपक्रमों के संयुक्त प्रयासों से ही सड़क रखरखाव, परिवहन नियंत्रण एवं धूल-प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए एवं प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर ओंकार यादव, सीएसपी भूषण एक्का, पर्यावरण संरक्षण मंडल के कार्यपालन अभियंता सोनकर, परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, नगर निगम के प्रतिनिधि एवं विभिन्न औद्योगिक उपक्रमों के अधिकारी उपस्थित थे।


Latest News

कोरबा प्रथम आगमन पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा का भव्य स्वागत एवं जनसंवाद…..

कोरबा, छत्तीसगढ़ शासन के राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त अमरजीत सिंह छाबड़ा के प्रथम कोरबा...

More Articles Like This