कोरबा, कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कुणाल दुदावत के निर्देशन में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ओंकार यादव द्वारा जिले में संचालित प्रगणक एवं सुपरवाइजर प्रशिक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण में उपस्थित सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना से संबंधित निर्देशों एवं प्रक्रियाओं को गंभीरता से समझने और सीखने के निर्देश दिए। फील्ड ट्रेनर द्वारा जनगणना के विभिन्न चरणों, उद्देश्य, उपयोगिता तथा मकान सूचीकरण के सिद्धांतों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

अपर कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि जनगणना 2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मकानों की सूचीकरण एवं गणना का डेटा मोबाइल एप के माध्यम से संग्रहित कर ऑनलाइन सिंक किया जाएगा। इस प्रक्रिया में भवन की संरचना, उपलब्ध सुविधाएं, उपयोग में आने वाली सामग्री तथा टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, कार आदि सहित कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गई सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक स्व-गणना (Self Enumeration) में भाग लेने की अपील की, जिससे सटीक एवं सुव्यवस्थित आंकड़े प्राप्त हो सकें।

निरीक्षण के दौरान तहसील पोड़ी उपरोड़ा स्थित प्रशिक्षण केंद्र में मूलभूत सुविधाओं जैसे बिजली, पानी एवं कूलर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रशिक्षणार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही प्रगणकों को जनगणना मैनुअल का गहन अध्ययन करने के लिए भी कहा गया।इस अवसर पर पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे, चार्ज अधिकारी विनय देवांगन, अतिरिक्त तहसीलदार सुमनदास मानिकपुरी एवं उप संचालक जिला योजना एवं सांख्यिकी एम.एस. कंवर उपस्थित रहे।तत्पश्चात शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली में संचालित प्रशिक्षण का भी निरीक्षण किया गया। यहां अपर कलेक्टर द्वारा प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से प्रश्न पूछकर उनकी समझ का आकलन किया गया तथा उन्हें जनगणना के इतिहास, उद्देश्य एवं सिद्धांतों से अवगत कराया गया।पाली तहसील में कुछ प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की अनुपस्थिति पर उन्होंने तहसीलदार भूषण मंडावी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के माध्यम से स्व-गणना के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
















