अपर आयु प्रमाण पत्र से लेकर जाति प्रमाण पत्र तक कार्यों की समय-सीमा तय, पालन के निर्देश,पाली में एसडीएम की बैठक में शिक्षा एवं राजस्व विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा…..

Must Read

कोरबा,विकासखंड पाली में आज कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा समय-सीमा की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में अनुविभागीय अधिकारी पाली रोहित सिंह द्वारा अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में मैराथन बैठक आयोजित कर शिक्षा एवं राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। बैठक प्रथम पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक विकासखंड पाली के समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयकों तथा द्वितीय पाली में दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक विकासखंड के समस्त प्राचार्यों की उपस्थिति में हुई।बैठक में अपर आयु प्रमाण पत्र के संबंध में निर्देश दिए गए कि बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित दस्तावेज दो दिवस के भीतर संकलित कर तहसील कार्यालय पाली एवं हरदीबाजार में जमा कराए जाएं। दस्तावेज प्राप्त होने के पश्चात विज्ञप्ति जारी कर जन्म प्रमाण पत्र 10 दिवस के भीतर बनाए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश तहसीलदार पाली एवं हरदीबाजार को दिए गए।एमबीयू अपडेशन के संबंध में बच्चों की जानकारी संस्थाओं से प्राप्त होने के बाद संबंधित बच्चों को एमबीयू अपडेशन शिविर में ले जाकर बायोमेट्रिक अपडेट कराने के निर्देश दिए गए।तम्बाकू मुक्त संस्थान एवं विकसित भारत अभियान के तहत सभी संकुल शैक्षिक समन्वयकों एवं प्राचार्यों को विद्यालय परिसर के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। विद्यालय के आसपास अथवा किराना दुकानों में तम्बाकू, गुटखा सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर संबंधित दुकानों की जानकारी दो दिवस के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान नशीले पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर संबंधित प्राचार्य अथवा विद्यालय प्रबंधन की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए।जाति प्रमाण पत्र के संबंध में बताया गया कि जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए 45 दिवस की समय-सीमा निर्धारित की गई है। पूर्व की कठिन प्रक्रिया को सरल करते हुए कम दस्तावेजों में विद्यालय के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के संकलन से लेकर प्रमाण पत्र तैयार होने के बाद बच्चों को वितरित करने तक की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में अगली बैठक 21 सितंबर 2026, सोमवार को निर्धारित की गई है।
बैठक में देश के माननीय प्रधानमंत्री द्वारा संचालित नशा मुक्त विकसित भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी विशेष रूप से निर्देशित किया गया तथा राष्ट्रीय महत्व के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने पर जोर दिया गया। बैठक में पाली तहसीलदार भूषण सिंह मंडावी, हरदीबाजार तहसीलदार अमित केरकेट्टा, नायब तहसीलदार रश्मिका अग्रवाल, कुमदेश चंद्र गोभिल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाली मनिराम मरकाम, विकासखंड स्रोत समन्वयक रामगोपाल जायसवाल, डाटा एंट्री ऑपरेटर नितेश कुमार सोनी सहित विकासखंड स्रोत समन्वयक पाली एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।


Latest News

सबसे छोटे किंग कोबरा के रेस्क्यू ने बदली धारणा, कोरबा में हो रहा है ‘किंग कोबरा‘ का प्राकृतिक प्रजनन…..

कोरबा,छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालकों वन परिक्षेत्र अंतर्गत अजगरबहार गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब लवभूषण...

More Articles Like This