कोरबा, ब्रह्माकुमारी संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका, श्रद्धेय दादी डॉ. प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज परिवार, कोरबा द्वारा रक्तदान महादान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 23 अगस्त 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक, ब्रह्माकुमारीज विश्व सद्भावना भवन, टी.पी. नगर, कोरबा में आयोजित होगा।दादी डॉ. प्रकाशमणि ने अपने जीवन में मानवता, प्रेम, शांति, सद्भावना और सेवा का संदेश दिया। उनकी पुण्य स्मृति को सेवा कार्य के रूप में मनाते हुए आयोजित यह रक्तदान कार्यक्रम समाज में मानव सेवा एवं परोपकार की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम CHMO कोरबा एस. एन. केसरी के आतिथ्य में आयोजित होगा। इस अवसर पर स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, संबद्ध जिला चिकित्सालय, कोरबा (छ.ग.) के डॉक्टर एवं उनकी टीम का विशेष सहयोग रहेगा।डॉक्टरों एवं चिकित्सा टीम की उपस्थिति में रक्तदान प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराया जाएगा।कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करना तथा आमजन को “रक्तदान महादान, रक्तदान जीवनदान” के संदेश के प्रति जागरूक करना है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनकर रक्तदान करने की अपील की है।

ब्रह्माकुमारीज परिवार, कोरबा ने आम नागरिकों, युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे इस मानवसेवा के महायज्ञ में सहभागी बनें और रक्तदान कर किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में अपना योगदान दें।
“रक्तदान महादान आपका एक यूनिट रक्त किसी के जीवन में नई रोशनी भर सकता है।”















