कोरबा, ग्राम देवपहरी के गौमुखी सेवाधाम में संचालित एकलव्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का प्रवेशोत्सव वेदारंभ संस्कार के रूप में संपन्न हुआ। कलेक्टर कुणाल दुदावत मुख्य अतिथि और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग विशिष्ट अतिथि थे। अतिथियों ने आश्रम परिसर में स्थित मां सिद्धिदात्री, हिंगलाजगढ में स्थित भारत की प्रमुख शक्तिपीठ कामाख्या देवी,वैष्णो देवी, कालका देवी, कामाक्षी देवी एवं मध्य में मैहर से शारदा देवी की अखंड ज्योति के दर्शन किए।

गायत्री परिवार द्वारा यज्ञ और हवन के माध्यम से पूर्ण मंत्रोचार के साथ वेदारंभ संस्कार संपन्न हुआ। नौकुंडीय हवनकुंड में अतिथियों सहित विद्यालय के विद्यार्थियों, अविभावकों, शिक्षक, शिक्षिकाओं ने हवन किया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्व. बनवारीलाल अग्रवाल की स्मृति में कक्षा प्रथम से 10वीं में प्रथम और द्वितीय आने वाले विद्यार्थियों को नगद राशि व शील्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है और ऐसे प्रयास दूरस्थ अंचलों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ संस्कार का जो बीज एकलव्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों में बोया जा रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने बच्चों को बताया कि शिक्षा के साथ-साथ विनम्रता, माता-पिता का आदर और शिक्षकों का सम्मान अवश्य करें। कलेक्टर ने गौमुखी सेवा धाम शिक्षा के साथ संस्कार युक्त पीढ़ी तैयार करने के प्रयास को सराहा। सीईओ दिनेश नाग ने देवपहरी जैसे जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र में समग्र विकास के लिए कराए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्रतिबद्धता भी लोगों को सुविधाएं देने की है। गौमुखी सेवाधाम के कार्य दूसरे संगठनों के लिए प्रेरणास्पद है। जिला कार्यवाह कैलाश नाहक ने गौमुखी सेवाधाम की दो दशक की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में पहले क्या समस्याएं थी और ग्रामीण विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य व स्वावलंबन के लिए गौमुखी सेवाधाम ने कितनी चुनौतियों का सामना कर बड़ी लकीर खींची। अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के साथ अहम जानकारी दी। इस अवसर पर स्थानीय सरपंच हीराबाई राठिया मंचस्थ रहीं। कार्यक्रम का संचालन गौमुखी सेवा धाम के सचिव योगेश जैन ने एवं आभार प्रदर्शन संस्था के कोषाध्यक्ष डॉ राजीव गुप्ता ने किया।
पौधारोपण कर लिया संकल्प..

वेदारंभ संस्कार के पश्चात् प्रधानमंत्री के द्वारा चलाये जा रहे अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम पर हर विद्यार्थी से एक पेड़ लगाने का लक्ष्य रखकर पौधारोपण किया गया। अतिथियों ने अपने हाथ से पौधे लगाकर इसकी शुरुआत की। आश्रम परिसर में 300 विद्यार्थियों द्वारा 300 फलदार वृक्ष लगाए जायेंगे। वनविभाग एवं पर्यावरण गतिविधि के जिला संयोजक केप्टेन मुकेश अदलखा ने पौधों की व्यवस्था की।





